DTN पिथौरागढ़। जनपद में निजी पंजीकरण वाले दोपहिया वाहनों को अवैध रूप से किराये पर चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल के निर्देशन में विभाग की टीम ने योजनाबद्ध अभियान चलाते हुए ग्राहक बनकर अवैध स्कूटी रेंटल संचालकों से संपर्क किया। किराये पर स्कूटी लेने की पूरी प्रक्रिया के बाद पहले से तैनात प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए दो स्कूटियों को सीज कर दिया।

जांच में सामने आया कि दोनों निजी स्कूटियां बिना वैध व्यावसायिक अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के किराये पर संचालित की जा रही थीं। यह मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में चालान और जुर्माने की कार्रवाई की है।
एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने बताया कि पर्यटन सीजन में पिथौरागढ़ आने वाले पर्यटकों की बढ़ती संख्या का फायदा उठाकर कुछ लोग निजी स्कूटी और बाइक को अवैध रूप से किराये पर दे रहे हैं। ऐसे वाहनों के पास न तो व्यावसायिक परमिट होता है और न ही यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी मानकों का पालन किया जाता है। दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों को कानूनी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की डिकॉय कार्रवाई जारी रहेगी। जरूरत पड़ने पर विभाग के कर्मचारी ग्राहक बनकर अवैध रेंटल कारोबार का खुलासा करेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वाहन सीज करने सहित सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने पर्यटकों और आमजन से केवल अधिकृत रेंटल सेवाओं का ही उपयोग करने की अपील की है।
