साइबर अपराध, नशा उन्मूलन और पर्यटन विकास पर विशेष फोकस करें: राज्यपाल

अल्मोड़ा में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए योजनाबद्ध एवं लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश

DTN अल्मोड़ा। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने आज सर्किट हाउस अल्मोड़ा में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाबद्ध एवं लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राज्यपाल को जनपद में संचालित विकास योजनाओं, पर्यटन विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने पुलिस विभाग की गतिविधियों, कानून एवं व्यवस्था की स्थिति तथा जनसुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

समीक्षा के दौरान राज्यपाल ने कहा कि साइबर फ्रॉड की रोकथाम, नशा उन्मूलन, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण तथा पर्यटन क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए गंभीरता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में प्रभावी प्रयासों से जनपद के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

राज्यपाल ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।