DTN चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आमजन की शिकायतों और समस्याओं का शीघ्र समाधान के उद्देश्य से आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पेयजल और विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, कृषि, उद्यान, सिंचाई, उरेड़ा, समाज कल्याण तथा आपूर्ति विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
ग्राम च्युराखर्क के ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकासखंड बाराकोट के ग्राम बिसराड़ी निवासी चंद्रकला जोशी ने सड़क संपर्क मार्ग और सोलर लाइट की मांग रखी, जबकि लोहाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत भुमलाई से आए अनिल कुमार पुनेठा ने खनन न्यास निधि से सीसी मार्ग निर्माण की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान चम्पावत विकासखंड के ग्राम चौकी निवासी 86 वर्षीय नारायण राम ने भूमि अतिक्रमण हटाने संबंधी प्रार्थना पत्र सौंपा। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही समाज कल्याण विभाग की ओर से उन्हें तत्काल सहायता स्वरूप छड़ी भी उपलब्ध कराई गई।
ग्राम प्रधान रैघांव उमा देवी ने क्षेत्र की पेयजल समस्या और रैघांड़ी पंपिंग योजना के अधूरे कार्यों का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति सुचारु करने और योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
ग्राम मनिहारगोठ निवासी विधवा महिला अर्चना ने रोजगार और बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता की मांग रखी, जबकि ग्राम पंचायत पचनई की इमला देवी ने आवास उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को पात्रता के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत सिरतोली निवासी अनीता देवी ने बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाने की मांग की, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
