DTN पिथौरागढ़। अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने महिला चिकित्सालय के पास स्थित एक होटल में छापेमारी कर संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल से 19 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की।

क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस की टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग और होटल-ढाबों में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान महिला चिकित्सालय के पास एक होटल में अवैध रूप से शराब परोसे और बेचे जाने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक ललित डंगवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की। तलाशी के दौरान होटल संचालक भरत निवासी बक्सिल, पिथौरागढ़ के कब्जे से 19 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 21/60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ललित डंगवाल, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह और कांस्टेबल नीरज भोज शामिल रहे।
