चारधाम यात्रा मार्ग पर बनेगा आधुनिक राज्य अतिथि गृह, रतूड़ा में 0.375 हेक्टेयर भूमि चिन्हित

DTN रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत चारधाम यात्रा मार्ग पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। रुद्रप्रयाग जिले के रतूड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह के निर्माण को लेकर आज सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिथि गृह की कार्ययोजना, डिजाइन और निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सचिव राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि चारधाम यात्रा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण इस परियोजना के लिए रतूड़ा में 0.375 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शामिल इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द तैयार कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से शुरू किया जा सके।

बैठक में सचिव राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, रुद्रप्रयाग को निर्देश दिए कि भवन का निर्माण आधुनिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप किया जाए। भवन में स्थानीय स्थापत्य, प्राकृतिक परिवेश और पर्वतीय क्षेत्रों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही पर्याप्त संख्या में कक्ष, बैठक कक्ष, वीआईपी सुविधाएं, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

परियोजना के निर्माण में पर्यावरणीय और तकनीकी मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भवन की नदी से दूरी राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के मानकों के अनुरूप तय की जाए। इसके अलावा भवन की ऊंचाई और अन्य निर्माण मानदंड पर्वतीय क्षेत्रों के निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित किए जाएं। निर्माण गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और परियोजना की नियमित निगरानी शासन स्तर पर की जाएगी।

विशेषज्ञों के अनुसार रुद्रप्रयाग चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव है। केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं, वीआईपी आगंतुकों और प्रशासनिक अधिकारियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए राज्य अतिथि गृह का निर्माण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बनने से राज्य अतिथियों के ठहरने, प्रशासनिक बैठकों और आपदा प्रबंधन संबंधी गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी लक्ष्मण सिंह, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी, अधिशासी अभियंता इन्द्रजीत बोस और सहायक अभियंता ओमप्रकाश चन्द्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप राज्य की परिसंपत्तियों को आधुनिक और उपयोगी स्वरूप दिया जा रहा है। रतूड़ा में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह चारधाम यात्रा और प्रशासनिक आवश्यकताओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसे आधुनिक सुविधाओं और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

डॉ. आर. राजेश कुमार, सचिव राज्य संपत्ति विभाग