पिथौरागढ़ में सेवा पखवाड़ा शुरू, 18 जुलाई तक लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर

DTN पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऋषिकेश से ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। इसके साथ ही पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान में भी अभियान का आगाज हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भटगांई, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) गणेश भंडारी, महापौर कल्पना देवलाल और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण और जनपद के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन, रोजगार और होमस्टे जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत 18 जुलाई तक जिले के सभी विकास खंडों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां लोग अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे।

उन्होंने बताया कि शिविरों में स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, पशुपालन और स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया शुरू करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने निरीक्षण किया। यहां स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजनाओं और कृषि व स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया।

जिलाधिकारी ने जिले के लोगों से सेवा पखवाड़ा के दौरान आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा सरकार और जनता के बीच संवाद को और मजबूत बनाना है।