DTN पिथौरागढ़। मानसून के दौरान छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, भारी वर्षा, भूस्खलन, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने अथवा सड़क एवं पैदल मार्ग बाधित होने जैसी परिस्थितियों में विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करने का निर्णय अब संबंधित उप जिलाधिकारी (एसडीएम) स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार ले सकेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद पिथौरागढ़ की भौगोलिक स्थिति अत्यंत विषम है, जिसके कारण अलग-अलग क्षेत्रों में वर्षा की तीव्रता भिन्न हो सकती है। ऐसे में पूरे जिले के बजाय स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय लेना अधिक प्रभावी रहेगा।
आदेश के अनुसार, संबंधित उप जिलाधिकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान, स्थानीय मौसम की स्थिति तथा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, पिथौरागढ़ से समन्वय कर अपने-अपने क्षेत्र के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यकता पड़ने पर अवकाश घोषित कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अवकाश घोषित किए जाने की सूचना तत्काल जिलाधिकारी कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में समय पर निर्णय लेकर संभावित जोखिम को कम किया जाएगा।
