शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, सोनम वांगचुक के आंदोलन को दिया समर्थन

DTN पिथौरागढ़। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नगर के गांधी चौक में पार्षद सुशील खत्री ने एकदिवसीय उपवास किया। उन्होंने जंतर-मंतर पर वैज्ञानिक एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल आंदोलन के समर्थन में यह कार्यक्रम आयोजित किया।
उपवास के दौरान सुशील खत्री ने कहा कि नीट पेपर लीक देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार युवाओं की आवाज नहीं सुनती है तो वह स्वयं जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
उन्होंने कहा कि देश के युवा अब अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर पीछे हटने वाले नहीं हैं और पारदर्शी जांच के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उपवास कार्यक्रम को सीमांत यूथ मोर्चा के नरेंद्र ग्वाल, उत्तराखंड छात्र मोर्चा के विनय कुमार, जनार्दन पंत, राहुल, उमेश, अमित, दीपा पाण्डेय, हिमांशी, योगेश खर्कवाल, संजय, वीरेंद्र भंडारी सहित कई लोगों ने समर्थन दिया।
