DTN पिथौरागढ़। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल ने लगातार दो दिन विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई स्वास्थ्य केंद्रों पर लापरवाही और अव्यवस्थाएं सामने आईं। कर्मचारियों की अनुपस्थिति, स्वास्थ्य जागरूकता सामग्री का वितरण नहीं होने और भवन संबंधी खामियों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनालीछीना में अनुपस्थित कर्मचारियों को फटकार लगाई गई। सीएचसी डीडीहाट में लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों से जवाब मांगा गया, जबकि प्रचार सामग्री का वितरण नहीं होने पर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। गोचर अस्पताल में टूटी खिड़कियां और पानी के रिसाव की समस्या मिलने पर शीघ्र मरम्मत कराने को कहा गया।
सीएचसी बेरीनाग में प्रोग्राम मैनेजर बिना अनुमति अनुपस्थित मिले। वहीं प्रचार सामग्री की रिसीविंग प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के मौखिक निर्देश दिए गए और रेफ्रिजरेटर का उपयोग नहीं करने पर फार्मेसी अधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया।
दूसरे दिन सीएचसी गंगोलीहाट में पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए तथा प्रचार सामग्री का वितरण नहीं करने पर संबंधित एएनएम को फटकार लगाई गई।
सीएमओ डॉ. जे.एस. चुफाल ने कहा कि मरीजों की सुविधा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

