स्वाला में सड़क सुरक्षा कार्य अंतिम चरण में, अजय टम्टा ने किया निरीक्षण

DTN चम्पावत। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने आज पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वाला के संवेदनशील स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां चल रहे पहाड़ी सुदृढ़ीकरण और ट्रीटमेंट कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता का जायजा लिया। अधिकारियों और तकनीकी टीम से कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत करने के उद्देश्य से वर्ष 2017 में ऑलवेदर रोड परियोजना शुरू की गई थी। इससे टनकपुर से पिथौरागढ़, धारचूला, गुंजी और लिपुलेख तक आवागमन सुगम हुआ है। मानसून में स्वाला जैसे संवेदनशील स्थलों पर भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित होता था। स्वाला के ऊपरी हिस्से के ट्रीटमेंट के लिए केंद्र सरकार ने करीब 17.85 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। इसके तहत सुरक्षात्मक कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। इससे इस बार बरसात में भी यातायात बाधित नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि स्वाला के निचले हिस्से के उपचार और सुरक्षा कार्यों के लिए करीब 8.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसका 85 से 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही ब्लैकटॉपिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा क्वारब में 10 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास सड़क और दो बैली ब्रिज बनाए गए हैं, जिससे यातायात सुचारु रखने में मदद मिली है।

टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री की सतत निगरानी में आपदा प्रभावित संवेदनशील स्थलों पर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इससे क्षेत्रवासियों और यात्रियों को राहत मिली है।

निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।