नजूल भूमि फ्रीहोल्ड की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग, विधायक चुफाल को सौंपा पत्र

DTN पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र में लंबे समय से बंद नजूल भूमि फ्रीहोल्ड की प्रक्रिया दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर नजूल भूमि फ्रीहोल्ड संघर्ष समिति ने विधायक बिशन सिंह चुफाल को पत्र सौंपा। समिति ने शासन स्तर पर मामला उठाकर लोगों को राहत दिलाने की मांग की।

समिति के संयोजक उमेश लाल साह ने विधायक को बताया कि पिथौरागढ़ नगर के विभिन्न क्षेत्रों में नजूल भूमि का फ्रीहोल्ड वर्ष 2018 से शासन स्तर पर बंद है। इसके चलते नजूल भूमि पर वर्षों से काबिज लोगों को भूमि संबंधी कार्यों के साथ ही भवन निर्माण में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुराने और जर्जर भवनों में रह रहे लोगों के सामने जान-माल के नुकसान का खतरा भी बना हुआ है।

पार्षद सुशील खत्री ने शासनादेश के अनुसार 300 वर्ग मीटर तक की भूमि पर काबिज लोगों को मालिकाना हक दिए जाने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों के पक्ष में फ्रीहोल्ड की कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें भूमि का मालिकाना हक मिल सके।

खत्री ने नगर क्षेत्र में भवन निर्माण समेत अन्य कार्यों के लिए जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की प्रक्रिया से लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं को देखते हुए इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

समिति ने विधायक बिशन सिंह चुफाल से नजूल भूमि फ्रीहोल्ड का मामला शासन स्तर पर उठाकर प्रक्रिया दोबारा शुरू कराने के लिए पहल करने का आग्रह किया।

पत्र सौंपने वालों में समिति के सूरज जंग थापा, पुष्पा थापा, कल्लू राम, रुक्मिणी थापा, कैलाश भट्ट और प्रदीप जोशी शामिल रहे।