पंतनगर के कृषि कुंभ में किसान सीखेंगे आधुनिक खेती के गुर

DTN चंपावत। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में तीन से छह अक्टूबर तक अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कृषि कुम्भ के नाम से विख्यात इस मेले में चम्पावत जिले के किसानों के साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से किसान, कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी और कृषि विभाग से जुड़े अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले के किसानों से अधिकाधिक संख्या में मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मेले में कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीनतम तकनीकी विकास, उन्नत कृषि पद्धतियों, कृषि यंत्रों, नवाचारों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी किसानों को मिलेगी। इससे किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन और आय बढ़ाने की दिशा में लाभ उठा सकेंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक किसानों को मेले में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों और नवाचारों से जोड़ना आवश्यक है।

मेले में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में किसानों को अन्य राज्यों के किसानों और कृषि विशेषज्ञों से अनुभव साझा करने का भी अवसर मिलेगा।

विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार शिक्षा जितेंद्र क्वात्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित यह विशाल किसान मेला किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, उद्यमियों और कृषि विभाग के अधिकारियों के लिए ज्ञान एवं तकनीकी आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने चम्पावत के किसानों और संबंधित अधिकारियों से अधिकाधिक संख्या में मेले में प्रतिभाग करने का आग्रह किया है।