एआरटीओ की सख्ती से मचा हड़कंप, 15 वाहन सीज; 150 से ज्यादा के चालान

DTN पिथौरागढ़। आदि कैलाश-ॐ पर्वत यात्रा और मोस्टामानू मेले से पहले परिवहन विभाग ने नियम तोड़ने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। जिलेभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में बीते सप्ताह 150 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर 15 वाहनों को सीज कर दिया गया। दिन के साथ रात में भी चल रही चेकिंग से वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में विभिन्न मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में वाहनों की जांच की जा रही है। बिना फिटनेस, परमिट, बीमा, पंजीकरण और कर के सड़क पर दौड़ रहे वाहनों पर विशेष नजर है। विभाग ने साफ कर दिया है कि कागजों में कमी या वाहन की तकनीकी स्थिति में गंभीर खामी मिलने पर सिर्फ चालान तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वाहन सीज किया जाएगा।

आदि कैलाश यात्रा के मद्देनजर पर्वतीय मार्गों पर चलने वाले वाहनों की फिटनेस और चालक के दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है। निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, परमिट की शर्तों के विपरीत वाहन चलाने और निर्धारित मार्ग के बजाय दूसरे मार्ग पर संचालन करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में परमिट निरस्त करने के साथ वाहन सीज किया जा सकता है।

परिवहन विभाग की नजर उन निजी वाहन संचालकों पर भी है, जो निजी वाहनों का व्यावसायिक इस्तेमाल करते हुए किराया लेकर सवारियां ढो रहे हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पर्वतीय मार्गों पर बिना हिल एंडोर्समेंट लाइसेंस वाहन चलाने वाले चालक भी विभाग के रडार पर हैं।

मोस्टामानू मेले और आदि कैलाश यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने को देखते हुए विभाग ने निगरानी और बढ़ा दी है। दिन के साथ रात में भी चेकिंग की जा रही है। विभाग का कहना है कि अनफिट और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों को किसी भी सूरत में यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने वाहन स्वामियों और चालकों से यात्रा व मेले के लिए वाहन सड़क पर उतारने से पहले फिटनेस, परमिट, बीमा, कर, पंजीकरण और चालक के लाइसेंस की वैधता जांचने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री सुरक्षा से समझौता करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।