राजस्व बढ़ाने से लेकर लंबित वादों के निस्तारण तक, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

DTN बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में आज कलक्ट्रेट सभागार में मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राजस्व प्राप्ति एवं संवर्द्धन, दैवीय आपदा, विस्थापन, न्यायालयों में लंबित प्रकरणों समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व बढ़ाने और नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने को कहा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा राशन कार्डों के सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित रूप से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच कराने और उपजिलाधिकारियों को लगातार निरीक्षण करने के लिए कहा गया।

श्रम विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक श्रमिकों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए सीएससी केंद्रों पर श्रम विभाग की लॉगिन आईडी उपलब्ध कराने के संबंध में शीघ्र पत्राचार करने को कहा। मनरेगा श्रमिकों का पंजीकरण कर उन्हें भी श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

आबकारी विभाग को ओवररेटिंग और अवैध शराब के खिलाफ लगातार प्रवर्तन कार्रवाई करने को कहा गया। नगर निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए। तहसीलों को विभिन्न प्रमाण पत्र समय से जारी करने तथा पुराने राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपने-अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने और आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।