साइबर ठगी और सुरक्षा खतरों पर शिकंजा, अब तक 1183 सिम और 63 आधार कार्ड जब्त; 95 सिम और 157 फोन ब्लॉक

DTN पिथौरागढ़। सीमांत धारचूला में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड एक्टिवेट करने का मामला सामने आया है। साइबर ठगी और सुरक्षा से जुड़े खतरों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत SOG और धारचूला पुलिस की संयुक्त टीम ने कस्बे में छापा मारकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से तीन अवैध प्री-एक्टिवेटेड Vi सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान संतोष प्रसाद बगौली, निवासी ग्राम सेली (जुम्मा), धारचूला के रूप में हुई है। आरोप है कि वह फर्जी आईडी के आधार पर सिम कार्ड एक्टिवेट कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ कोतवाली धारचूला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और दूरसंचार अधिनियम, 2023 की धारा 42 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार फर्जी तरीके से सिम एक्टिवेट किए जाने के खिलाफ चल रहे अभियान में अब तक पांच POS एजेंटों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इस दौरान 1183 सिम कार्ड, सात मोबाइल फोन और 63 आधार कार्ड जब्त किए गए हैं। वहीं 95 सिम कार्ड और 157 मोबाइल फोन ब्लॉक कराए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेजों पर एक्टिवेट किए गए सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर ठगी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किए जाने की आशंका रहती है। सीमांत क्षेत्र में ऐसे मामलों को देखते हुए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अपने नाम पर कितने सिम, ऐसे करें पता
पुलिस ने लोगों से अपने नाम पर एक्टिव मोबाइल नंबरों की जांच करने की अपील की है। इसके लिए संचार साथी पोर्टल के TAFCOP पर जाकर मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP के जरिए लॉगिन किया जा सकता है। इसके बाद संबंधित आईडी पर एक्टिव सभी मोबाइल नंबरों की जानकारी सामने आ जाएगी। सूची में कोई अनजान नंबर दिखाई देने पर ‘Not my number’ विकल्प के जरिए उसकी शिकायत कर उसे ब्लॉक कराने की कार्रवाई की जा सकती है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी, धारचूला प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल गोविन्द रौतेला, कमल सिंह, मुकेश कुमार, भावेश तिवारी और चालक कांस्टेबल सोनू कार्की शामिल रहे।
