DTN गंगोलीहाट। घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में गंगोलीहाट पुलिस ने उसे दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बालिका को अपने साथ ले जाने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया है।

29 अगस्त को बालिका के परिजनों ने गंगोलीहाट थाने में सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्री बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। सूचना मिलते ही पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष कैलाश चंद्र जोशी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मौ. आकिल सिद्दीकी ने मामले की जांच की। पुलिस ने तकनीकी सहायता और सर्विलांस के माध्यम से बालिका की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस टीम अल्मोड़ा, हल्द्वानी, रुद्रपुर, रामपुर, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए दिल्ली व हरियाणा तक पहुंची। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बालिका को दिल्ली के विकासपुरी क्षेत्र के बुढेला गांव से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि एक युवक बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस के अनुसार युवक लगातार ठिकाने बदलकर बचने का प्रयास कर रहा था। मामले में प्रकाश (26), निवासी ग्राम भेंटीचर, पोस्ट चामाचौड़, कोतवाली बेरीनाग को हिरासत में लिया गया है। उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मौ. आकिल सिद्दीकी और महिला हेड कांस्टेबल हेमा पंत शामिल रहे। सर्विलांस टीम में अपर उपनिरीक्षक हेम चंद्र सिंह और कांस्टेबल कमल तुलेरा शामिल रहे।
