DTN पिथौरागढ़। मानसून के कारण रोकी गई आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा का दूसरा चरण 20 सितंबर से शुरू हो गया है। यात्रा के लिए ऑनलाइन इनर लाइन परमिट जारी होने शुरू हो गए हैं। पहले दिन करीब 511 यात्रियों ने परमिट के लिए आवेदन किया। परमिट जारी होने के बाद यात्रियों ने आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा शुरू की।

धारचूला के उपजिलाधिकारी आशीष जोशी के अनुसार, फिलहाल यात्रा मार्ग की सभी सड़कें खुली हैं। मौसम को देखते हुए यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए भी यात्रियों से कहा गया है।
आदि कैलाश के प्रति बढ़ा आकर्षण
अक्टूबर 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश दौरे के बाद क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। वर्ष 2023 में 10,025 इनर लाइन परमिट जारी हुए थे। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 29,352 और 2025 में 36,526 हो गई। वर्ष 2026 में अब तक 53,537 परमिट जारी किए जा चुके हैं। इस वर्ष यह संख्या एक लाख पार करने की संभावना है।
