DTN पिथौरागढ़। नशे की बढ़ती समस्या के खिलाफ जागरूकता और रोकथाम को लेकर दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से एसडीएस जीआइसी पिथौरागढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नाटक प्रस्तुत कर नशे की समस्या, इसके दुष्परिणाम और नशे से दूर रहने का संदेश प्रभावी ढंग से दिया। वक्ताओं ने बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ ही परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल असर डालती है।
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान पिथौरागढ़ की संयोजिका साध्वी हरअर्चना भारती ने बताया कि संस्थान के ‘बोध–नशा उन्मूलन कार्यक्रम’ ने भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के साथ नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दो वर्ष के लिए समझौता ज्ञापन किया है। इसके माध्यम से युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशे से दूर रहने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
