DTN पिथौरागढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर मुन्ना होटल के समीप बैंड में बरसात के दौरान भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध होने और यातायात प्रभावित होने की समस्या के स्थायी समाधान की कवायद शुरू हो गई है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज राड़ीखूटी और रामेश्वर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग, सड़क और पुल निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया।

डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं का तकनीकी परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। रामेश्वर और राड़ीखूटी के बीच स्थित झूला पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पुल का सेफ्टी ऑडिट कराने और आवश्यकतानुसार सुधारीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय रामेश्वर का निरीक्षण कर ओपीडी, स्वास्थ्य सुविधाओं और कार्मिकों की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर व कक्षों में साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय राड़ीखूटी में उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और विद्यालय भवन की स्थिति देखी। भवन की आवश्यक मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। आयुष्मान आरोग्य मंदिर राड़ीखूटी में उन्होंने ओपीडी समेत उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और क्षेत्रीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आयुष्मान आरोग्य केंद्र इग्यार देवी के निरीक्षण में डीएम ने उपलब्ध संसाधनों का शत प्रतिशत उपयोग करने, लोगों को बेहतर चिकित्सीय सेवाएं देने और मरीजों व तीमारदारों के साथ कुशल व्यवहार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विजय गोस्वामी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
