DTN चंपावत। जिले में पहली बार चार अक्टूबर को प्रस्तावित राज्य कैबिनेट की बैठक को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक में वरिष्ठ मंत्रियों के साथ शासन के शीर्ष अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि कैबिनेट बैठक की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में संबंधित अधिकारियों की टीम ने प्रस्तावित आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया और शेष कार्य दो अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य आयोजन स्थल, रूट प्लान और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के साथ ही तैयारियों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए, ताकि कैबिनेट बैठक का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
