सेवा संकल्प अभियान में गूंजा विकसित भारत का संकल्प

DTN अल्मोड़ा। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। ‘मेरे सपनों का भारत’ एवं ‘विकसित भारत-2047’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करते हुए विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर के 24 हजार विद्यालयों के करीब 30 लाख छात्र-छात्राएं अभियान में प्रतिभाग कर रहे हैं।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से स्वच्छता और सामाजिक सेवा का संदेश दिया। निबंध व भाषण प्रतियोगिताओं में समाज सुधार, सेवा भावना, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विचार रखे गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंत्री ने पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, वर्चुअल क्लास और पुस्तकालय समेत आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। प्रत्येक विकासखंड में एक-एक छात्रावासयुक्त आवासीय विद्यालय स्थापित करने की योजना भी है।

उन्होंने पीएम श्री अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने और विद्यालय परिसर की पूरी चारदीवारी बनाने की घोषणा की। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षण संस्थानों में नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, ललित लटवाल, उपजिलाधिकारी संजय कुमार समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।