नरेंद्रनगर में 1.38 करोड़ से बनेगी पार्किंग, जल्द शुरू होगा निर्माण

DTN देहरादून। टिहरी गढ़वाल जिले के नरेंद्रनगर में मोटरनाला स्थित पुलिस थाने के समीप प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित इस परियोजना की कुल अनुमोदित लागत 138.20 लाख रुपये है। आज देहरादून स्थित राज्य सचिवालय में आयोजित विभागीय वित्त समिति की बैठक में परियोजना की समीक्षा कर आवश्यक धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए।

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के तकनीकी और वित्तीय पहलुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि धनराशि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।

पार्किंग बनने से नरेंद्रनगर के स्थानीय नागरिकों और यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर पार्किंग सुविधा मिलेगी। बैठक में आवास विभाग, संबंधित कार्यदायी संस्था और अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।