DTN चम्पावत। टनकपुर गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कमरे और हॉल बनाए जाएंगे। अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में विकास कार्यों की योजना के तहत प्रस्तावित इस निर्माण कार्य के लिए 1 करोड़ 44 लाख 63 हजार रुपये की लागत को मंजूरी दी गई है।

गुरुद्वारे में कमरों और हॉल के निर्माण पर पहले 1 करोड़ 72 लाख 11 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया था। विभागीय तकनीकी समिति की जांच के बाद 1 करोड़ 44 लाख 63 हजार रुपये की लागत को स्वीकृति दी गई।
निर्माण होने से गुरुद्वारे में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही धार्मिक आयोजनों और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के संकल्प के तहत जिले में विकास कार्यों के साथ धार्मिक और सामाजिक स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। टनकपुर गुरुद्वारे में प्रस्तावित निर्माण इसी दिशा में एक कदम है।
