राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं, लंबित प्रकरण जल्द निपटाएं: डीएम

DTN पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आज कलक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण एवं सड़क निर्माण कार्यों से जुड़े भूमि अधिग्रहण, वन भूमि हस्तांतरण, यूटिलिटी शिफ्टिंग तथा अन्य लंबित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और बीआरओ द्वारा संचालित परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-09 के डुंगातोली-तवाघाट तथा तवाघाट-लिपुलेख मार्ग के चौड़ीकरण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने भूमि अधिग्रहण, प्रभावित लोगों को मुआवजा वितरण, भवनों के मूल्यांकन, वन भूमि हस्तांतरण और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को बिना विलंब पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें और लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें, ताकि परियोजनाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी हो सकें।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-109के (जौलजीबी-धारचूला) के विभिन्न पैकेजों से जुड़े भूमि अधिग्रहण मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को अधिसूचना जारी करने, मुआवजा वितरण, आपत्तियों के निस्तारण और कब्जा हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, बीआरओ एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।