चम्पावत को 96 करोड़ की 16 विकास योजनाओं की सौगात

DTN चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चम्पावत के एक दिवसीय दौरे के दौरान जिले को 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की 16 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 पूरी हो चुकी योजनाओं का लोकार्पण और 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की पांच नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क संपर्क, शिक्षा, पर्यटन और आपदा के समय संचार व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने नगर पालिका चम्पावत के अंतर्गत नागार्जुन पार्क के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए 1.38 करोड़ रुपये तथा शवदाह गृह में विद्युत शवदाह गृह, गैस भट्टी और पारंपरिक विधि से अंतिम संस्कार की सुविधाओं के लिए 1.57 करोड़ रुपये की लागत से हुए कार्यों का लोकार्पण किया।

सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए टकनागूंठ-डांडामल्ला मोटर मार्ग के दूसरे चरण पर 7.43 करोड़ रुपये, सिप्टी-न्याड़ी मोटर मार्ग के उच्चीकरण पर 9.23 करोड़ रुपये, रौसाल-डूंगराबोरा-चकसिलकोट मोटर मार्ग के उच्चीकरण पर 6.88 करोड़ रुपये और मरोड़ाखान-छंदा असवाड़ मोटर मार्ग के उच्चीकरण पर 7.19 करोड़ रुपये की लागत से हुए कार्यों का लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा सर्किट हाउस के विस्तार, उच्चीकरण और मरम्मत पर 11.41 करोड़ रुपये, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चम्पावत में कार्यशाला और तकनीकी प्रयोगशाला के निर्माण पर 6.76 करोड़ रुपये तथा कलेक्ट्रेट के अधूरे भवन के निर्माण पर 3.46 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हुए कार्य जनता को समर्पित किए गए।

दूरस्थ क्षेत्रों में संचार व्यवस्था मजबूत करने के लिए 4.79 करोड़ रुपये की लागत से वायरलेस नेटवर्क स्थापित किया गया है। वहीं टनकपुर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में 7.14 करोड़ रुपये की लागत से बने 98 बिस्तरों वाले महिला छात्रावास का भी लोकार्पण किया गया।

पांच नई योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने जिले के विभिन्न गांवों में 14.90 करोड़ रुपये की लागत से चेन लिंक फेंसिंग लगाने, राजकीय इंटर कॉलेज चम्पावत में 1.28 करोड़ रुपये से चार कक्षा-कक्ष बनाने और छतार में 1.11 करोड़ रुपये की लागत से कुमाऊंनी शैली में घंटाघर बनाने की योजनाओं का शिलान्यास किया।

इसके अलावा देवीधुरा क्षेत्र के देचमार गांव में 9.80 करोड़ रुपये से मल्टीलेवल पार्किंग और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 1.66 करोड़ रुपये से सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम किया जाएगा। इन योजनाओं से पार्किंग की सुविधा बढ़ने, पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने और रात में सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर रोशनी की व्यवस्था होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक पहुंचाना है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिले में विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन योजनाओं से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और जिले के विकास को गति मिलेगी।