पिथौरागढ़ प्रो लीग (पीपीएल) के ऑक्शन में टीमों ने चुने खिलाड़ी, विजेता को मिलेंगे तीन लाख रुपये

14 नवंबर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू होगा टूर्नामेंट, नशे से दूर रखने के लिए खेलों को बढ़ावा देने की पहल

DTN पिथौरागढ़। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली पिथौरागढ़ प्रो लीग (पीपीएल) के ऑक्शन आज एक निजी होटल में संपन्न हुए। जिले के इस बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में टीमों के मालिकों ने खिलाड़ियों को अपनी-अपनी टीम में शामिल करने के लिए बोली लगाई। प्रतियोगिता में विजेता टीम को तीन लाख रुपये और उपविजेता को दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों और टीमों के लिए कई अन्य आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।

ऑक्शन का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, टूर्नामेंट के मुख्य प्रायोजक भारतीय स्टेट बैंक के पिथौरागढ़-चंपावत क्षेत्रीय प्रबंधक कवि और उप प्रबंधक भरत दिगारी ने किया।

‘खेलों को हां, नशे को ना’ का संदेश

पिथौरागढ़ प्रो लीग का आयोजन नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 14 नवंबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम पिथौरागढ़ में खेला जाएगा।

कमेटी अध्यक्ष मनीष जोशी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करेंगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने दी दो लाख की सहायता

दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजन समिति को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लीग से जिले में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी।

इस दौरान पूर्व कोऑपरेटिव अध्यक्ष मनोज सामंत, हरीश रावत, कमेटी अध्यक्ष मनीष जोशी, सचिव पीयूष रावत, उपाध्यक्ष नरेश भंडारी सहित सभी टीमों के मालिक मौजूद रहे।