राज्य स्थापना दिवस पर लगेंगे विभागीय शिविर, योजनाओं की देंगे जानकारी

DTN चम्पावत। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नौ नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्थापना दिवस पर विभिन्न विभागों की ओर से शिविर लगाए जाएंगे। इनमें आमजन को विभागीय योजनाओं, उनके तहत मिलने वाले लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी, ताकि पात्र लोग योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकें।

बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रूपरेखा पहले से तय करने और कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, जल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक स्वरूप, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरपी डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता और यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।