DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, पेयजल व्यवस्था, आपदा राहत और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए कुल 78.18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें सड़कों के सुधारीकरण से लेकर हरिद्वार में कुंभ की अवस्थापना सुविधाओं और आपदा प्रभावितों को राहत देने के कार्य शामिल हैं।

अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मरचूला-सयाल्दे-देवालघाट मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 7.57 करोड़ रुपये तथा रिची-नौघर-मंडलकोट-भुजान मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए 6.20 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
पौड़ी जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मोटर मार्ग के 13 से 16 किलोमीटर तक सुदृढ़ीकरण के लिए 7.29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के फरसाड़ी-गढ़कोट-छांछरों मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 36.12 लाख रुपये दिए जाएंगे। बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में रिखाड़ी-बाछम मोटर मार्ग के 21.500 से 30.050 किलोमीटर तक बीएम-बीसी से सुधारीकरण के लिए 9.86 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
हरिद्वार में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टर में अस्थायी पाइपलाइन बिछाने, स्टैंड पोस्ट, पीवीसी टैंक, जल संयोजन और वाटर फिल्टर लगाने सहित रखरखाव के कार्यों के लिए 3.68 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
कुंभ की तैयारियों को भी मिली रफ्तार
कुंभ मेला-2027 के सफल आयोजन के लिए हरिद्वार में विभिन्न अवस्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को भी वित्तीय मंजूरी दी गई है। इसके तहत वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो के साथ म्यूजिकल फाउंटेन की स्थापना के लिए 4.43 करोड़ रुपये, भीमगोड़ा में सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन के लिए 3.43 करोड़ रुपये तथा शिव मूर्ति चौक से आर्य नगर चौक तक सड़क डिवाइडर के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 7.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा कुंभ और अर्द्धकुंभ मेले की व्यवस्थाओं के लिए पुलिस महानिदेशक के निवर्तन पर मशीन, उपकरण एवं संयंत्र खरीदने के लिए 10 करोड़ रुपये का अनुमोदन दिया गया है।
वहीं ऊधमसिंह नगर जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत एवं अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने के लिए 18 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में सड़क, पेयजल और आपदा राहत कार्यों को गति मिलने के साथ कुंभ मेले की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी।
