देवभूमि टुडे न्यूज | देहरादून। उत्तराखंड में उच्च शिक्षा, आयुर्वेद चिकित्सा और सड़क कनेक्टिविटी के विस्तार की उम्मीदें बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से केंद्र सरकार के समक्ष रखे गए तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर केंद्रीय मंत्रियों ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। इनमें प्रदेश में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, किच्छा के खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना और उत्तरकाशी से तिलवाड़ा तक प्रस्तावित मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग शामिल है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना का अनुरोध किया था। इस पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने पत्र भेजकर आश्वासन दिया है कि भविष्य में केंद्रीय संस्थानों के विस्तार के दौरान इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहले से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान श्रीनगर, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय और भारतीय प्रबंधन संस्थान काशीपुर संचालित हैं।
वहीं, उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग पर भी केंद्र ने सकारात्मक रुख दिखाया है। मुख्यमंत्री ने अगस्त में इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से अनुरोध किया था। गडकरी ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई 2,282 किलोमीटर से बढ़कर 3,670 किलोमीटर हो गई है। नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा से संबंधित नीति को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इस मार्ग के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
इसी तरह ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना के प्रस्ताव पर भी विचार का भरोसा दिया गया है। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने पत्र में बताया कि केंद्रीय बजट 2026 में तीन अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा के बाद सभी पात्र राज्यों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। इस क्रम में उत्तराखंड सरकार का प्रस्ताव भी प्राप्त हुआ है, जिस पर निर्धारित प्रक्रिया और मानकों के अनुसार विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावों के क्रियान्वयन से प्रदेश में उच्च शिक्षा, अनुसंधान, आयुर्वेद चिकित्सा और सड़क अवसंरचना को मजबूती मिलेगी। इससे राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।
