DTN जौलजीबी (पिथौरागढ़ )। काली और गोरी नदियों के संगम पर आज ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का भव्य आगाज हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनपद के विकास के लिए 102.72 करोड़ रुपये की 25 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने मेला आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ता आया है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापारिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान के इतिहास में इस मेले का विशेष स्थान रहा है।
उन्होंने कहा कि मेले से उनका बचपन से विशेष लगाव रहा है। यहां की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को उन्होंने करीब से देखा है। ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी काम करते हैं। लोक कलाकारों, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को प्रोत्साहन देने में भी मेलों की अहम भूमिका है।
सीएम ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और समृद्ध लोकसंस्कृति के जरिए स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार की संभावनाएं विकसित की जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर भी उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी ध्यान दे रही है।

सर्किट हाउस और बाढ़ सुरक्षा योजना का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस), 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं की भी आधारशिला रखी गई। कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग और हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय गतिविधियों और स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों की भागीदारी के साथ पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी और भारत-नेपाल के नागरिक मौजूद रहे।
