भूनिगांव में मिले प्राचीन शैलचित्र, प्रागैतिहासिक काल के होने की संभावना

 

 

देवभूमि टुडे न्यूज |सुशील खत्री

पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से महज छह किलोमीटर दूर भूनिगांव (मढ़-सिलोली) में प्राचीन शैलचित्र मिलने से पिथौरागढ़ के इतिहास और पुरातात्विक विरासत को लेकर नई उम्मीद जगी है। एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही मनीष कसनियाल ने इस स्थल की खोज की है। प्रारंभिक निरीक्षण में यहां मिले शैलचित्र प्रागैतिहासिक काल के होने की संभावना जताई जा रही है। यदि विशेषज्ञों की जांच में इसकी पुष्टि होती है तो यह खोज जिले के इतिहास के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

मनीष कसनियाल के अनुसार, भूनिगांव में चट्टान पर मिले शैलचित्र लखुडियार और बेरीनाग क्षेत्र में प्राप्त प्राचीन मानव चित्रों से काफी हद तक मिलते-जुलते हैं। इनमें अर्धचंद्र, त्रिशूल और मानव आकृतियों जैसी कुछ धुंधली आकृतियां दिखाई देती हैं। इसके अलावा सीधी, तिरछी और लहरदार रेखाओं के साथ वृत्ताकार तथा खगोलीय प्रतीत होने वाले चिह्न भी मौजूद हैं। शैलचित्र वाले स्थान से करीब 100 मीटर के दायरे में दो कपमार्क (चट्टानों पर बने गड्ढेनुमा निशान) भी मिले हैं। इन चिह्नों का संबंध प्राचीन मानव गतिविधियों से होने की संभावना है, हालांकि इसकी पुष्टि विशेषज्ञों के अध्ययन के बाद ही हो सकेगी।

स्थानीय महिला की सूचना पर हुई खोज

भूनिगांव निवासी बसंती देवी ने मनीष कसनियाल को इस स्थान पर शैलचित्र होने की जानकारी दी थी। इसके बाद मनीष ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान राजू पुनेड़ा भी मौजूद रहे। मनीष के अनुसार, जिला मुख्यालय के इतने नजदीक इस तरह के शैलचित्रों का मिलना क्षेत्र की पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

महाविद्यालयों के प्राचार्यों ने किया निरीक्षण

खोज की जानकारी मिलने के बाद डॉ. प्रेमलता पंत, प्राचार्य नारायण नगर महाविद्यालय और डॉ. गिरीश पंत, प्राचार्य मुवानी महाविद्यालय ने मनीष कसनियाल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भी शैलचित्रों के प्रागैतिहासिक काल से संबंधित होने की संभावना जताई। इस खोज को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मनीष कसनियाल के प्रयासों की सराहना की और उन्हें बधाई दी।

वैज्ञानिक जांच से सामने आएगा वास्तविक इतिहास

मनीष कसनियाल ने इतिहासकारों, पुरातत्वविदों और भूविज्ञान संस्थानों से इस स्थल का विस्तृत वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने की अपील की है। उनका कहना है कि विशेषज्ञों के अध्ययन से शैलचित्रों की वास्तविक प्राचीनता, उनमें उकेरी गई आकृतियों के अर्थ और उस दौर की मानव गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। वैज्ञानिक पुष्टि होने पर भूनिगांव का यह स्थल पिथौरागढ़ की पुरातात्विक पहचान को एक नया आयाम दे सकता है।