पिथौरागढ़ में सड़कों और पुलों के निर्माण पर खर्च होंगे 2048.73 लाख रुपये

DTN पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में अवस्थापना विकास, सड़क, पुल, पार्किंग और पेयजल से जुड़े कार्यों के लिए 155.96 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसमें पिथौरागढ़ जिले को भी बड़ी सौगात मिली है। जिले के मूनाकोट, डीडीहाट और गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्रों में सड़क सुधारीकरण और मोटर पुलों के उच्चीकरण एवं निर्माण के लिए करीब 20.48 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

मूनाकोट विकासखंड में कुसेरी बैंड से सिलौनी मोटर मार्ग के डीबीएम-बीसी से अपग्रेडेशन के लिए 199.17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के डंगोली-हरवाड़-वालीघाट-दफौड़-धर्मघर-कोटमन्या-पंखू-थल-सातसिलिंग मोटर मार्ग (एसएच-60) पर तीन मोटर पुलों के उच्चीकरण और निर्माण के लिए धनराशि मंजूर की गई है।

इस मार्ग के चेनज 154.990 पर मोटर पुल को क्लास-बी से क्लास-ए में उच्चीकृत करने के लिए 501.17 लाख रुपये, चेनज 134.950 पर पुल के उच्चीकरण के लिए 159.73 लाख रुपये तथा चेनज 171.740 पर 45 मीटर स्पान के मोटर पुल के उच्चीकरण के लिए 463.21 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसी तरह गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के डंगोली-सैलानी-ददिमखेत-धर्मघर-कोटमन्या-पंखू-थल-सातसिलिंग मोटर मार्ग (एसएच-60) के किमी 127 पर पहले से बने क्लास-बी पुल के स्थान पर 53 मीटर लंबा क्लास-ए लोडिंग का दो लेन पुल बनाया जाएगा। इसके लिए 725.45 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

प्रदेश के अन्य जिलों को भी मिली सौगात

अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए 591.16 लाख रुपये तथा चम्पावत जिले के लोहाघाट में पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड पर मल्टीलेवल पार्किंग एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 998.55 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उत्तरकाशी के भटवाड़ी में एसएच-15 के किमी 12 पर दो लेन सेतु के निर्माण के लिए 409.23 लाख रुपये, टिहरी के धनौल्टी में लालूरी-घियाकोटी-क्यार्दा की चाली मिसिंग लिंक मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 176.85 लाख रुपये और पौड़ी के पोखड़ा विकासखंड में कोट मल्ला से कोट तत्ला-कंडिया-कुलासु-रीठाखाल मोटर मार्ग के पांच किमी पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 376.90 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

ऊधमसिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र में गोविंदनगर और टैगोरनगर की सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए भी करीब 1.81 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। देहरादून और हरिद्वार के अधिक पेयजल खपत वाले वार्डों में घरेलू वाटर मीटर लगाने के लिए क्रमशः 349.59 लाख और 464.77 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी बढ़ोतरी

विकास कार्यों के साथ मुख्यमंत्री ने कर्मचारी कल्याण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है। छठे केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता एक जुलाई 2026 से 262 से बढ़ाकर 269 प्रतिशत और पांचवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 483 से बढ़ाकर 497 प्रतिशत करने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा 178 आरक्षी, पीएसी और आईआरबी कार्मिकों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन दिया गया है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वैच्छिक एवं आंशिक चकबंदी को प्रोत्साहित करने के लिए नई मद खोलने और राज्य आकस्मिकता निधि से 100 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का निर्णय भी लिया गया है। वहीं हरिद्वार के ग्राम सराय में भूमि क्रय से संबंधित संभावित अनियमितताओं के मामले में तत्कालीन नगर आयुक्त वरुण चौधरी के निलंबन की अवधि 29 नवंबर 2026 से आगे बढ़ाने तथा नरेंद्रनगर के सामुदायिक भवन का नाम पूर्व पालिका अध्यक्ष स्व. सोबन सिंह नेगी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।