सुरक्षा में तैनात गनर बदलने पर विधायक हरीश धामी ने जताई हत्या की आशंका

DTN पिथौरागढ़। धारचूला विधायक हरीश धामी ने अपनी सुरक्षा में तैनात गनर को बदले जाने पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने राज्यपाल को पत्र भेजकर पूर्व में तैनात गनर को दोबारा अपनी सुरक्षा में तैनात करने की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया है कि उनकी सुरक्षा में तैनात गनर को बदलकर उनकी जान को खतरे में डालने का प्रयास किया जा रहा है।

आज राज्यपाल को भेजे पत्र में विधायक ने कहा है कि उनकी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को सरकार ने अचानक बदल दिया है। उनका आरोप है कि वर्तमान में मुख्यमंत्री की ओर से किए गए और किए जा रहे भ्रष्टाचार के मामलों को जनता के बीच लाने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। पूर्व गनर को हटाकर नया गनर तैनात करने से उन्हें अपनी हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका हो रही है।

विधायक ने पत्र में कहा है कि नए गनर की तैनाती का उद्देश्य उनकी पल-पल की खबर और लोकेशन सरकार तक पहुंचाना हो सकता है, ताकि उचित मौका मिलते ही उनकी हत्या कराई जा सके। उन्होंने इसे अपनी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है।

हरीश धामी ने राज्यपाल से पूर्व में तैनात गनर को दोबारा उनकी सुरक्षा में लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि पूर्व गनर की दोबारा तैनाती नहीं की जाती है तो उन्हें नए गनर की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इससे उनकी निजता भंग होने के साथ ही अपनी हत्या की साजिश का भी आभास हो रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है अथवा उनकी हत्या होती है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और सरकार की होगी। पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड, आईजी कुमाऊं और पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ को भी भेजी गई है।