चम्पावत। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रीठा साहिब क्षेत्र में एक युवक को गुलदार (तेंदुआ) की खाल के साथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, भिंगराडा वन क्षेत्र अंतर्गत चैड़ामेहता लीसा डिपो के पास थाना रीठा साहिब क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से गुलदार की खाल बरामद हुई, जिसकी लंबाई करीब 120 सेंटीमीटर बताई जा रही है।
गिरफ्तार युवक की पहचान दीपक सिंह बोहरा (28) निवासी ग्राम गागरी, पोस्ट चैड़ामेहता, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खाल को लोहाघाट ले जाकर बेचने की बात कबूली है।
वन क्षेत्राधिकारी भिंगराडा ने बताया कि बरामद खाल को मौके पर ही सील कर सुरक्षित कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
वन विभाग ने कहा कि वन्यजीव तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
