पिथौरागढ़। जनपद के बोरागांव–बसौड मोटर मार्ग पर बीती देर रात्रि एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। एक शादी समारोह से खुशियां मनाकर लौट रही गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र से प्राप्त सूचना के अनुसार, महिन्द्रा कमांडर डीआई वाहन (संख्या UA05 5382) कॉटेबोरा से बसौड की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से फिसलकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी वड्डा, एसडीआरएफ पिथौरागढ़ की टीम और 108 एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। अंधेरा और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन ग्रामीणों और सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से त्वरित अभियान चलाकर वाहन में फंसे चारों व्यक्तियों को बाहर निकाला। इस दुखद हादसे में 22 वर्षीय लक्की भण्डारी, निवासी कॉटेबोरागांव की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, वाहन चालक जगदीश बिष्ट (40 वर्ष), मोहन सिंह (40 वर्ष) और सचिन चन्द (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ पहुंचाया, जहां दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को खाई से निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, राजस्व विभाग और आपदा नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों ने सक्रिय सहयोग दिया।

