सीएम धामी ने पिथौरागढ़ को दी ₹165 करोड़ की सौगात, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने गृह जनपद पिथौरागढ़ के भ्रमण के दौरान सीमांत वासियों को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। सीएम ने लक्ष्मण सिंह महर परिसर में भव्य ‘कैलाश उत्सव-2026’ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया और जनपद के लिए ₹16520.56 लाख की 45 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने साफ किया कि राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा और सभी मदरसों को एक जुलाई तक निर्धारित पाठ्यक्रम अपनाना होगा।

सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है कैलाश उत्सव

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कैलाश उत्सव केवल आयोजन नहीं, बल्कि हमारी आध्यात्मिक चेतना और लोक परंपराओं का संगम है। उन्होंने कहा, “पिथौरागढ़ की मिट्टी मेरे जीवन की प्रेरणा है।” सीएम ने छात्र संघ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं की रचनात्मकता को निखारते हैं। उन्होंने घोषणा की कि महाविद्यालय में रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे और जर्जर भू-विज्ञान भवन के स्थान पर नया ऑडिटोरियम व शैक्षणिक भवन बनाया जाएगा।

नकल विरोधी कानून और रोजगार पर हुंकार

युवाओं के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू है, जिसका नतीजा है कि साढ़े चार वर्षों में 32 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास प्रधानमंत्री के ‘वाइब्रेंट विलेज’ विजन के अनुरूप किया जा रहा है। पिथौरागढ़ में बन रहा ₹750 करोड़ का मेडिकल कॉलेज पूरे क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का मील का पत्थर साबित होगा।

मदरसों को अल्टीमेटम: 1 जुलाई तक अपनाना होगा सरकारी पाठ्यक्रम

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि राज्य के सभी मदरसों को एक जुलाई से पूर्व शिक्षा विभाग के निर्धारित मानकों और पाठ्यक्रम को अपनाना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बल्लेबाजी कर खेल मैदान का किया उद्घाटन, नशे के विरुद्ध दिलाई शपथ

विकास योजनाओं की सौगात देने के बाद मुख्यमंत्री उच्चीकृत क्रिकेट मैदान पहुंचे। यहाँ उन्होंने रिबन काटकर मैदान जनता को समर्पित किया और स्वयं पिच पर उतरकर छह गेंदों का ओवर खेलकर बल्लेबाजी की। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल और हॉकी भी खेली। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने राज्यव्यापी अभियान के तहत ‘नशे के खिलाफ’ शपथ दिलाई। उन्होंने घोषणा की कि खिलाड़ियों की सुविधा के लिए इस मैदान में जल्द ही फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी।

जिला अस्पताल में मरीजों का जाना हाल

भ्रमण कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री अचानक बी.डी. पाण्डेय जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी और चिल्ड्रन वार्ड का निरीक्षण कर वहां भर्ती मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि उपचार में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सुविधाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय जनता उपस्थित रही।