डोडा, तमंचा और कारतूस के साथ तस्कर गिरफ्तार

ऊधमसिंहनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” अभियान को आगे बढ़ाते हुए कुमायूं पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के मार्गदर्शन और पुलिस महानिरीक्षक कुमायूं परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में एसओटीएफ कुमायूं और थाना पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आज थाना पुलभट्टा क्षेत्र के सिरौली कला के पास वाहन चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी आकिब पुत्र मुख्तायर अहमद निवासी वार्ड नंबर 06, सिरौली कला, किच्छा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 16.560 किलोग्राम डोडा, एक देशी तमंचा, 315 बोर के 10 जिंदा कारतूस तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुलभट्टा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध डोडा और हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी और किन क्षेत्रों में इसकी तस्करी की जा रही थी।

आईजी कुमायूं रिद्धिम अग्रवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर को निर्देश दिए हैं कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार रेंज एसओटीएफ ने पिछले आठ महीनों में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाते हुए अवैध मेडिकल स्टोरों पर भी कार्रवाई की है। इस दौरान अब तक 794 नशीले इंजेक्शन और 44 हजार 170 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद किए जा चुके हैं।

कुमायूं पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।