चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले मां वाराही धाम देवीधुरा क्षेत्र को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। व्यापार मंडल देवीधुरा एवं स्थानीय जनता की मांग पर शासन स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर शहरी विकास निदेशालय ने जिलाधिकारी चम्पावत से क्षेत्र की विस्तृत आख्या एवं तकनीकी प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा है। विश्व प्रसिद्ध बग्वाल मेले के लिए देशभर में पहचान रखने वाला देवीधुरा धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 (उत्तराखंड राज्य में यथाप्रवृत्त) के निर्धारित मानकों के अनुसार क्षेत्र का परीक्षण कर आवश्यक संस्तुति रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि देवीधुरा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार भी है। नगर पंचायत का दर्जा मिलने से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि देवीधुरा का सुनियोजित विकास पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और आर्थिक अवसरों का सृजन करेगा। साथ ही प्रशासनिक व्यवस्थाओं में मजबूती आने से क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान और सुव्यवस्थित शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।
