कार पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत; चार गंभीर घायल

घाट-पनार मार्ग पर मसान बाबा मंदिर के पास हादसा, उफनती सरयू किनारे जान जोखिम में डालकर हुआ रेस्क्यू

DTN पिथौरागढ़। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच आज दोपहर घाट-पनार मार्ग पर मसान बाबा मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बोल्डर की चपेट में आने से ऑल्टो कार संख्या UK05TA2878 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में संदीप कुमार (35) पुत्र भवानी राम की मौत हो गई, जबकि सुनील कुमार (23) पुत्र आनंद राम, राहुल कुमार पुत्र शंकर, मनोहर लाल पुत्र जोगाराम और सुभाष राम पुत्र शिवराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी ग्राम टिम्टा, तहसील गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़ के निवासी बताए गए हैं।
हादसा इतना भयावह था कि दो लोग वाहन के अंदर फंस गए, जबकि दो यात्री छिटककर उफनती सरयू नदी के किनारे जा गिरे। तेज बहाव और लगातार बारिश के बीच रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर प्रशासन का सहयोग किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
होटल स्वामी पप्पू सामंत, श्याम सिंह सामंत, मदन सामंत और लाल सिंह सामंत नदी की ओर उतरे और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में चिकित्सा टीमें मौके पर पहुंचीं। प्राप्त सूचना के अनुसार संदीप कुमार को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर घायलों में एक को लोहाघाट रेफर किया गया, जबकि तीन अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए पिथौरागढ़ जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घायलों से मिले सीएमओ, चिकित्सकों को दिए बेहतर उपचार के निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल जिला अस्पताल पहुंचे और दुर्घटना में घायल लोगों का हाल जाना। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इसके बाद चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित चिकित्सकों को तत्काल बुलाकर बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
सीएमओ ने निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं, ताकि घायलों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।