मुख्यमंत्री धामी के आदर्श चम्पावत विजन को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
DTN चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के विजन को साकार करने की दिशा में जिला मुख्यालय स्थित प्रस्तावित गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना को नई गति मिली है। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए जनसुविधाओं के विकास हेतु चम्पावत में लोक निर्माण विभाग की 0.355 हेक्टेयर भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में किए गए इस भूमि हस्तांतरण के बाद संबंधित भूमि पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे गोल्ज्यू देवता से जुड़े आस्था केंद्रों का सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित होने के साथ ही चम्पावत में धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।
प्रशासन के अनुसार भूमि के विकास, रखरखाव एवं प्रबंधन की संपूर्ण जिम्मेदारी पर्यटन विभाग की होगी। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आवासीय व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक वैकल्पिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप चम्पावत को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से एक आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि यह परियोजना चम्पावत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
