DTN चम्पावत। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्य सरकार की ओर से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री सांस्कृतिक संवर्धन किट’ योजना को ग्रामीण क्षेत्रों में भी सराहना मिल रही है। ग्राम पंचायत मटेला के भोलेश्वर मंदिर को यह किट मिलने पर ग्राम प्रधान अजय नरियाल समेत ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।

ग्राम प्रधान अजय नरियाल ने बताया कि जिलाधिकारी मनीष कुमार के माध्यम से भोलेश्वर मंदिर के लिए मुख्यमंत्री सांस्कृतिक संवर्धन किट उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रत्येक वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन होता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय कलाकार शामिल होते हैं। ऐसे में यह किट सांस्कृतिक आयोजनों को और अधिक समृद्ध बनाने में सहायक होगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल पारंपरिक लोक कला, लोक संगीत और उत्तराखंड की ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लुप्त होती सांस्कृतिक विधाओं को नया जीवन मिलेगा और स्थानीय कलाकारों व सांस्कृतिक संस्थाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
ग्राम प्रधान सहित नरियाल गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व और लोक संस्कृति के संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
