DTN नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर उत्तराखंड की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली बिजली की मांग को देखते हुए जुलाई माह के लिए 150 मेगावाट तथा अगस्त माह के लिए 200 मेगावाट अतिरिक्त विद्युत केंद्रीय पूल से उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य की जलविद्युत एवं पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं को गति देने के लिए आगामी पांच वर्षों में ₹7,800 करोड़ की केंद्रीय वित्तीय सहायता (सीएफए) एवं वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही उत्तराखंड को पूर्वोत्तर राज्यों की तर्ज पर पूंजीगत वित्तीय सहायता प्रदान करने और इन परियोजनाओं की आर्थिक व्यवहार्यता सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा और ग्रिड स्थिरता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 500 एमडब्ल्यूएच बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) परियोजना की स्वीकृत क्षमता बढ़ाकर 665 एमडब्ल्यूएच किए जाने तथा संशोधित क्षमता के अनुरूप वायबिलिटी गैप फंडिंग उपलब्ध कराने की भी मांग रखी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के ऊर्जा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विभिन्न मांगों पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया।
