DTN चम्पावत। टनकपुर क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकता वाली विकास परियोजनाओं की प्रगति को गति देने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज तहसील सभागार पूर्णागिरि में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में शारदा कॉरिडोर, आईएसबीटी, रोपवे, बाढ़ सुरक्षा, एसटीपी व ड्रेनेज, कूड़ा निस्तारण, यूयूएसडीए, गैस पाइपलाइन, बीएसएनएल भूमि विनिमय समेत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

शारदा कॉरिडोर की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। गैसोनेट, यूयूएसडीए और सिंचाई विभाग को गैस, पेयजल पाइपलाइन व सिटी ड्रेनेज के कार्य समन्वय से करने के निर्देश दिए, ताकि बार-बार सड़क की खुदाई न करनी पड़े।
ककराली से मां पूर्णागिरि तक विद्युत पोल लगाने के कार्य में तेजी लाने के साथ प्रस्तावित तोकों में विद्युतीकरण को प्राथमिकता देने को कहा गया। उचौलीगोठ, छीनीगोठ, बबनपुरी और बूम से शारदा घाट तक चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने छीनीगोठ के बाढ़ सुरक्षा कार्य अक्टूबर और अन्य कार्य दिसंबर तक पूरे करने के निर्देश दिए।
टनकपुर और बनबसा में कूड़ा निस्तारण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वोच्च न्यायालय और एनजीटी के मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मानकों का पालन नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एसटीपी की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
रोपवे परियोजना की समीक्षा में बताया गया कि सिविल लोअर वर्क का करीब 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और सिविल अपर वर्क जल्द शुरू किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्धारित समय-सीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
वन निगम के अधिकारियों को एपीजे अब्दुल कलाम कॉलेज सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर दुर्घटना की आशंका वाले पेड़ों को चिन्हित कर नियमानुसार कटान कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में आईएसबीटी समेत विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि टनकपुर क्षेत्र की विकास परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने और प्रत्येक शुक्रवार को विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न करने तथा निर्धारित समय से पहले कार्य पूरा करने का प्रयास करने को कहा।
बैठक में एसडीएम पूर्णागिरि प्रमोद कुमार, सीओ टनकपुर निहारिका सेमवाल, अधिशासी अभियंता विजय सकारिया, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, डीईएसटीओ दीपकीर्ति तिवारी, प्रोजेक्ट मैनेजर यूयूएसडीए अंकित आर्या, अधिशासी अभियंता रघुबर दत्त भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
