बारिश से पिथौरागढ़ में 27 सड़कें बंद, तेजम में 95 मिमी बारिश; काली नदी चेतावनी स्तर से महज 10 सेमी नीचे

DTN पिथौरागढ़। सुबह आठ बजे तक तेजम में सर्वाधिक 95 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बंगापानी में 84, देवलथल में 65, डीडीहाट में 52.4, धारचूला में 41.2 और मुनस्यारी में 37.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। बारिश के चलते जिले में कुल 27 सड़क मार्ग बंद हैं। इनमें 23 ग्रामीण मार्ग, तीन सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के मार्ग और एक राज्य राजमार्ग शामिल है। प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को खोलने का कार्य किया जा रहा है।

बारिश के कारण धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग, तवाघाट-गूंजी मोटर मार्ग और सोबला-दर-तिदांग मोटर मार्ग समेत कई सड़कें प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग, सेराघाट- दानीबगड़ बोना, नैनीपताल-मड़मानले और शहीद होशियार सिंह मोटर मार्ग भी बंद हैं। सिंचाई खंड के ड्योरा बारमू , जौलजीबी झूलाघाट, पिथौरागढ़-बड़ाबे-तोली शिलिंगिया, कनालीछीना पिपली तथा मड़मानले घूर्चू

मोटर मार्ग भी प्रभावित हैं।

धारचूला क्षेत्र में सोबला उमचिया, होकरा नामिक, एलागाड़ जुम्मा, घट्टाबगड़ से तांकुल, नाचनी से सेराकोट, धापाचैड़ बुर्ई पातो, डीडीहाट आदिचौरा सिमली, मदकोट से दारमा तथा बांसबगड़ से धामीगांव समेत कई ग्रामीण मार्ग बंद हैं। डीडीहाट क्षेत्र में डीडीहाट आदिचौरा हुनैरा, पांखू चौसाल नौलेड़ा और देवीसेना गराली कूटा मोटर मार्ग भी बंद बताए गए हैं।

काली नदी चेतावनी स्तर के करीब

धारचूला में काली नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सुबह 7:30 बजे नदी का गेज 888.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 889 मीटर और खतरे का स्तर 890 मीटर है। यानी नदी चेतावनी स्तर से महज 10 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। प्रशासन ने नदी के बढ़ते जलस्तर पर निगरानी बनाए रखी है।

जौलजीबी में गोरी नदी का जलस्तर 605.30 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 606.80 मीटर से 1.50 मीटर नीचे है। वहीं मदकोट में गोरी नदी 1212.40 मीटर पर बह रही है, जबकि चेतावनी स्तर 1214.10 मीटर है। दोनों स्थानों पर नदी का जलस्तर बढ़ने का क्रम जारी है।

पिथौरागढ़ के चमगाड़ में सरयू नदी का जलस्तर 450 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 452 मीटर और खतरे का स्तर 453 मीटर है। सरयू का जलस्तर भी बढ़ रहा है।

तहसीलों में बारिश

तेजम में 95.0, बंगापानी में 84.0, देवलथल में 65.0, डीडीहाट में 52.4, धारचूला में 41.2, मुनस्यारी में 37.4, कनालीछीना में 28.9, बेरीनाग में 15.4, थल में 15.0, गणाई गंगोली में 10.0, पिथौरागढ़ में 8.2 और गंगोलीहाट में 7.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जिले में सुबह तक मौसम बादलों से घिरा रहा।