तड़के 3 बजे धधक उठा मकान, आग की लपटों से मची अफरा-तफरी; फायर टीम ने ऐसे टाला बड़ा हादसा

DTN पिथौरागढ़। नगर निगम कार्यालय के पास फॉरेस्ट कॉलोनी रोड में आज तड़के एक पुराने शैली के मकान में भीषण आग लग गई। मकान फॉरेस्ट कॉलोनी रोड निवासी मनोज सिंह चौहान का बताया गया है। आग की लपटें तेजी से फैलने पर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

आज तड़के 3:22 बजे 112 के माध्यम से मकान में आग लगने की सूचना मिली। फायर यूनिट मौके पर पहुंची तो मकान विकराल रूप से आग की चपेट में था। आग को फैलने से रोकने के लिए फायर कर्मियों ने मोटर फायर इंजन से पानी की बौछार शुरू की। आग की गंभीरता को देखते हुए दूसरा फायर टेंडर भी मौके पर बुलाया गया।

दोनों फायर इंजनों से रिले पंपिंग कर आग बुझाने का काम किया गया। होजरील और ब्रीदिंग अपरेटस की मदद से फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। साथ ही आसपास के मकानों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।