एसएसबी अंतर-सीमांत क्लस्टर में गुवाहाटी और सिलीगुड़ी का दबदबा

DTN पिथौरागढ़। 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के तत्वावधान में 19 से 22 अगस्त तक आयोजित अंतर-सीमांत क्लस्टर बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। समापन समारोह में जिलाधिकारी आशीष भटगांई मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों व टीमों को पदक और पुरस्कार प्रदान किए।

पुरुष एकल ओपन के फाइनल में फ्रंटियर तेजपुर के आरक्षी देवेश यादव ने फ्रंटियर पटना के रजनीश मोरल, 2आईसी को 21-16 और 21-15 से हराकर खिताब जीता। मिश्रित डबल्स ओपन में फ्रंटियर सिलीगुड़ी के मुख्य आरक्षी नरेश कुमार और फ्रंटियर गुवाहाटी की आरक्षी जसरीत कौर की जोड़ी ने बल मुख्यालय की जोड़ी को 21-16, 21-11 से पराजित किया।

टेबल टेनिस पुरुष टीम चैंपियनशिप में फ्रंटियर गुवाहाटी ने स्वर्ण पदक जीतकर खिताब अपने नाम किया। फ्रंटियर सिलीगुड़ी उपविजेता रहा, जबकि फ्रंटियर रानीखेत और लखनऊ ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक हासिल किया। बैडमिंटन पुरुष टीम चैंपियनशिप में फ्रंटियर सिलीगुड़ी ने फ्रंटियर तेजपुर को 2-1 से हराकर चैंपियनशिप जीती।

55वीं वाहिनी ने पहली बार इस प्रतियोगिता का आयोजन किया। बैडमिंटन मुकाबले एसजेडी बैडमिंटन अकादमी और टेबल टेनिस प्रतियोगिता सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न सीमांत मुख्यालयों एवं इकाइयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

समापन समारोह में सीमांत मुख्यालय रानीखेत के महानिरीक्षक अमित कुमार, उप महानिरीक्षक सुरेश सुब्रमणियम, 55वीं वाहिनी के कमांडेंट महेंद्र प्रताप सहित एसएसबी के अधिकारी, जवान और खिलाड़ी मौजूद रहे।