पिथौरागढ़। जिले में विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डीडीहाट तहसील में तैनात कानूनगो नारायण सिंह करायत को 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कानूनगो ने डीडीहाट तहसील वार्ड में बन रहे मकान का कार्य भूमि की नाप न होने के कारण रुकवा दिया था। इसके साथ ही, तोक छन्पट्टा क्षेत्र में प्रस्तावित भवन निर्माण से पहले भूमि की नाप के एवज में 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बातचीत के बाद आरोपी कानूनगो 40,000 रुपये में तैयार हो गया था।
विजिलेंस विभाग की ट्रैप टीम ने 4 अप्रैल 2025 को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कानूनगो नारायण सिंह करायत को डीडीहाट तहसील परिसर स्थित उसके सरकारी आवास से रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय गिरफ्तार किया। आरोपी वर्तमान में निकट जेएमके टाइल्स, मोहल्ला खोल्टा, जनपद अल्मोड़ा में निवास करता है, जबकि उसका मूल निवास ग्राम पजीना पट्टी शहरू, तहसील रानीखेत, जनपद अल्मोड़ा है।
इस पूरे मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। विजिलेंस विभाग की इस कार्रवाई से यह साफ होता है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने में विभाग पूरी तरह से सक्रिय है।
