DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 53.72 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें नैनीताल के रामनगर में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने से लेकर राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण, मंदिर सौंदर्यीकरण और सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार समेत अन्य कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने नैनीताल जनपद के रामनगर शहर में सीवरेज योजना (जोन-1) के तहत वर्तमान सात एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र के ट्रंक एवं शाखा सीवर निर्माण कार्य के लिए 42.75 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी है। इससे रामनगर क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
प्रदेश के राजस्व कार्यालयों, जिसमें राजस्व परिषद, मंडलायुक्त कार्यालय और जिला कार्यालय आदि शामिल हैं, में स्थित राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण के लिए भी 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत अभिलेखागारों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का कार्य किया जाएगा।
वहीं, चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के रानीगढ़ (देवल) स्थित आराध्य मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी के पौराणिक मंदिर के सौंदर्यीकरण और प्रांगण विस्तार के लिए 98.28 लाख रुपये के सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 58.968 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
देहरादून में राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत 142.89 लाख रुपये के सापेक्ष अवशेष 39 लाख रुपये की धनराशि भी मंजूर की गई है। इससे संबंधित शासनादेश जारी हो चुका है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड में स्व. जगमोहन सिंह नेगी (लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-रथुवाड़ाब-धुमाकोट) राज्य मार्ग मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. अवतार सिंह के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया है।
