वनभूमि हस्तांतरण में देरी पर डीएम सख्त, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

DTN पिथौरागढ़। जिले में सड़क समेत अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के निर्माण में वनभूमि हस्तांतरण के कारण होने वाली देरी को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए वनभूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूरी कर लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें।

कलेक्ट्रेट में वनभूमि हस्तांतरण तथा लैंड बैंक को लेकर आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वनभूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रकरणों में अनावश्यक पत्राचार अथवा किसी अन्य कारण से विलंब की स्थिति उत्पन्न न होने दें। मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निर्माणकारी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वनभूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार करने से पहले सभी आवश्यक अभिलेख और औपचारिकताएं अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाएं। किसी भी प्रकार की कमी या त्रुटि रहने पर प्रस्ताव अपलोड न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव अपलोड करने से पहले संबंधित अधिकारी प्रत्येक बिंदु का स्वयं परीक्षण करें, जिससे बाद में किसी प्रकार की आपत्ति की गुंजाइश न रहे और प्रक्रिया अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर तैयार किए गए लैंड बैंक का भी पुनः गहन मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि विकास परियोजनाओं के लिए उपयुक्त अतिरिक्त भूमि उपलब्ध हो सकती है तो उसका चिन्हीकरण कर लैंड बैंक में शामिल किया जाए। भूमि चिन्हीकरण की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और सजगता बरतने के निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिए।

वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वनभूमि हस्तांतरण से संबंधित कोई भी प्रस्ताव बिना उचित कारण के लंबित न रखा जाए। सभी आवश्यक औपचारिकताओं की जांच के बाद प्रस्तावों को समयबद्ध रूप से अग्रेषित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में वनभूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया के कारण अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।