व्यापारियों ने गिनाईं दिक्कतें, धामी ने दिया भरोसा- हर समस्या के समाधान को सरकार तत्पर

DTN हल्द्वानी। राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईटीसी फॉर्च्यून में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल के व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

संवाद के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, मंडी शुल्क, अतिक्रमण और पार्किंग, लीज नवीनीकरण, औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय उत्पादों के लिए बेहतर बाजार तथा युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन देने से जुड़े विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्यमी तक विकास यात्रा के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। सरकार सुरक्षित, पारदर्शी और सरल व्यावसायिक वातावरण तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कोविड काल में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने के लिए व्यापारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें “ब्रांड इंडिया” का सच्चा राजदूत बताया।

उन्होंने कहा कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को सरल बनाने के लिए निवेश मित्र और सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है। वर्तमान में 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इन्वेस्टर्स समिट के सुझावों के आधार पर 30 से अधिक नीतियां तैयार की गई हैं।

सीएम ने बताया कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए स्टार्टअप नीति और 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड भी स्थापित किया गया है।

उन्होंने कहा कि चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिन्हित की गई है। “वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट” के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से आह्वान किया, “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है।”